डिजिटल भुगतान के बढ़ते चलन के साथ UPI AutoPay लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों का अहम हिस्सा बन गया है। OTT प्लेटफॉर्म, मोबाइल रिचार्ज, बीमा प्रीमियम, म्यूजिक ऐप्स और अन्य सब्सक्रिप्शन सेवाओं के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होती है। हालांकि, कई बार यही सुविधा अनजाने में हर महीने बैंक खाते से पैसे कटने की वजह भी बन जाती है।
अक्सर लोग किसी ऐप या ऑनलाइन सेवा का सब्सक्रिप्शन लेते हैं और बाद में उसका इस्तेमाल बंद कर देते हैं। कई मामलों में फ्री ट्रायल समाप्त होने के बाद भुगतान वाला प्लान अपने आप शुरू हो जाता है। यदि समय रहते AutoPay बंद नहीं किया जाए तो हर महीने खाते से तय राशि कटती रहती है, जिसका पता कई बार काफी देर बाद चलता है।
क्या होता है UPI AutoPay?
UPI AutoPay एक डिजिटल पेमेंट सुविधा है, जिसके जरिए यूजर किसी कंपनी या सेवा प्रदाता को अपने बैंक खाते से तय समय पर स्वतः भुगतान करने की अनुमति देता है। एक बार यह अनुमति यानी Mandate सक्रिय हो जाने के बाद हर बार यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती और भुगतान निर्धारित तारीख पर अपने आप हो जाता है।
कैसे देखें कौन-कौन से AutoPay Mandate एक्टिव हैं?
यदि आपको यह जानना है कि आपके बैंक खाते से किन-किन सेवाओं के लिए ऑटो डेबिट हो रहा है, तो अपने UPI ऐप में जाकर इसकी जानकारी आसानी से देख सकते हैं।
- Advertisement -
- अपना UPI ऐप जैसे Google Pay, PhonePe, Paytm या BHIM खोलें।
- प्रोफाइल या Settings सेक्शन में जाएं।
- वहां AutoPay, Mandates या Subscriptions विकल्प पर क्लिक करें।
- यहां आपको सभी सक्रिय ऑटो पे मैंडेट की सूची दिखाई देगी, जिसमें भुगतान की राशि, कंपनी का नाम और अगली भुगतान तिथि की जानकारी मिलेगी।
UPI AutoPay कैसे बंद करें?
यदि कोई ऐसा सब्सक्रिप्शन दिखाई दे जिसकी अब जरूरत नहीं है, तो उसे कुछ आसान स्टेप्स में बंद किया जा सकता है।
- अपने UPI ऐप में AutoPay या Mandates सेक्शन खोलें।
- जिस सब्सक्रिप्शन को बंद करना चाहते हैं, उसे चुनें।
- Cancel, Revoke या Stop Mandate विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना UPI PIN दर्ज कर प्रक्रिया की पुष्टि करें।
इसके बाद संबंधित AutoPay Mandate निष्क्रिय हो जाएगा और भविष्य में उस सेवा के लिए आपके खाते से स्वतः भुगतान नहीं होगा।
इन बातों का रखें ध्यान
सभी ऑटो डेबिट पेमेंट्स को UPI ऐप से बंद नहीं किया जा सकता। यदि किसी लोन की EMI या बैंक द्वारा स्वीकृत लोन कलेक्शन Mandate सक्रिय है, तो उसे सीधे UPI ऐप से रद्द करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होती। ऐसे मामलों में संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था से संपर्क करना आवश्यक होता है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि समय-समय पर अपने बैंक स्टेटमेंट और UPI AutoPay सेक्शन की जांच करते रहें। इससे अनावश्यक सब्सक्रिप्शन का पता समय रहते चल जाता है और बिना जरूरत के हर महीने होने वाले खर्च से बचा जा सकता है।
