बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में स्थित मुंडसर गांव के अवाडा सोलर कंपनी प्लांट से कॉपर केबल चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने प्लांट से लगभग 6500 मीटर कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली, जिससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इस संबंध में कंपनी के सुरक्षा अधिकारी बहादुर सिंह की रिपोर्ट पर 3 जुलाई को नापासर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुई केबल की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 43 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मुंडसर स्थित प्लांट के ब्लॉक नंबर-21 के बैंक साइड क्षेत्र में अगस्त 2025 के दौरान पाइपलाइन, स्ट्रक्चर और कॉपर केबल बिछाने का कार्य किया गया था। लेकिन भूमि विवाद के चलते काम अधूरा रह गया और उस क्षेत्र में फेंसिंग व सुरक्षा लाइटें नहीं लग पाईं, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना का खुलासा 23 अप्रैल 2026 की रात को हुआ, जब सुरक्षा गार्ड समुद्र सिंह ने नियमित गश्त के दौरान केबल कटी हुई देखी। उन्होंने तुरंत क्यूआरटी टीम को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
- Advertisement -
इसके बाद अगले दिन परियोजना अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया तो पाया गया कि लगभग 6500 मीटर लंबी 6 वर्ग मिमी कॉपर केबल गायब है।
नापासर थाना अधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर विद्युत अधिनियम की धारा 136 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब चोरी हुए माल और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
