बीकानेर में मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। कोटगेट थाना क्षेत्र में एक दुकान के बाहर कार्टन में लगभग चार से पांच माह का मृत भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार यह मामला गंगाशहर रोड स्थित हिसाब ऑटो मोबाइल के सामने का है। इस संबंध में अंबेडकर कॉलोनी निवासी जोगिंदर सिंह ने कोटगेट थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ दुकान के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गंगाशहर की ओर से एक कार वहां आकर रुकी। कार में सवार लोग दुकान के सामने एक कार्टन फेंककर तुरंत मौके से चले गए। जब कार्टन की जांच की गई तो उसके अंदर लगभग चार से पांच माह का मृत भ्रूण मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए भ्रूण को कब्जे में लिया। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
- Advertisement -
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कार की पहचान के साथ आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही भ्रूण को वहां फेंकने के पीछे की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
