बीकानेर में गुम हुए बैंक चेक का कथित दुरुपयोग कर लाखों रुपये निकालने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सर्वोदय बस्ती निवासी असगर हुसैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका एक बैंक चेक कुछ समय पहले गुम हो गया था। चेक गुम होने के बाद इसकी सूचना संबंधित स्तर पर दे दी गई थी, ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो सके।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जस्सूसर गेट क्षेत्र निवासी गिरीराज व्यास ने कथित रूप से उसी गुम हुए चेक का उपयोग करते हुए उसमें 7 लाख 66 हजार रुपये की राशि भरकर पूगल रोड स्थित एसबीआई शाखा में भुगतान के लिए प्रस्तुत कर दिया।
परिवादी का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई बिना उनकी अनुमति के की गई और गुम हुए चेक का दुरुपयोग कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
- Advertisement -
मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक से जुड़े दस्तावेज, चेक की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
