बीकानेर जिले के विश्व प्रसिद्ध देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में चोरी का प्रयास मंदिर कर्मचारियों की सतर्कता से विफल हो गया। अखंड ज्योत के चांदी जड़े दीपक की परत निकालने की कोशिश कर रहे दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना 10 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। दोनों युवक चाकू की सहायता से दीपक पर लगी चांदी की परत काटकर उसे जेब में रखने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर कर्मचारियों की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने तत्काल दोनों को पकड़ लिया।
मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष बादल सिंह ने घटना की शिकायत देशनोक पुलिस थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान विशाल सुथार और पवन सोनी के रूप में की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक टीकूराम को सौंपी गई है और आरोपियों से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
