बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र स्थित तिलक नगर में सोमवार सुबह 34 वर्षीय युवक का शव उसके घर में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक रविवार रात अपनी सामान्य दिनचर्या पूरी करने के बाद सोने चला गया था। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। जांच करने पर वह मृत अवस्था में मिला।
मृतक की पहचान विजय कुमार (34) पुत्र मदनलाल के रूप में हुई है। पुलिस की मौजूदगी में खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादारों ने शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाने में सहयोग किया। इस दौरान जुनैद खान, रमजान चुनगर, राजकुमार खड़गावत, शोएब सहित अन्य सेवादार भी मौजूद रहे।
फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
