जयपुर। राजस्थान रोडवेज की एक डबल डेकर एसी बस शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली–देहरादून नेशनल हाईवे पर आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। आग इतनी भीषण थी कि दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा।
हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 26 यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। यात्रियों ने बस रुकते ही आपातकालीन दरवाजों और खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान यात्रियों का कीमती सामान, बैग और अन्य वस्तुएं बस में ही जलकर राख हो गईं।
जानकारी के अनुसार बस गुरुवार रात जयपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 7:10 बजे जब बस मेरठ और मुजफ्फरनगर बॉर्डर के पास पहुंची, तभी पीछे लगे एयर कंडीशनर (AC) सिस्टम की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई और धुआं तेजी से फैलने लगा।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने बस से धुआं और आग की लपटें निकलते देख ड्राइवर को सूचना दी। इसके बाद चालक ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
स्थिति बिगड़ने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कुछ ही मिनटों में सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
