बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में आत्महत्या से जुड़े एक मामले में न्यायालय के आदेश पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीकानेर के निर्देश पर कोटगेट थाना पुलिस ने परिवादी लक्ष्मण कुमार सोनी की शिकायत के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जिले सिंह को सौंपी गई है।
परिवादी ने आरोप लगाया है कि उसका भाई सुरेश कुमार सोनी लंबे समय से अपनी पत्नी के पीहर पक्ष की ओर से मानसिक, आर्थिक और शारीरिक प्रताड़ना का शिकार था। शिकायत में परमेश्वर सोनी, अशोक सोनी सहित अन्य लोगों पर संगठित रूप से प्रताड़ित करने, संपत्ति पर कब्जे का दबाव बनाने और ऐसी परिस्थितियां पैदा करने का आरोप लगाया गया है, जिनके कारण 22 मई 2026 को सुरेश कुमार ने आत्महत्या कर ली।
आरोपों के अनुसार 18 मई 2026 को सुरेश कुमार को बीदासर बारी स्थित एक घर पर बुलाकर उसके साथ कथित मारपीट की गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। बाद में उसका उपचार पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में कराया गया। यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामला दर्ज कराने से रोकने की बात कही।
परिवादी का कहना है कि 22 मई 2026 को सुरेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना दी गई, जिसे वह आत्महत्या नहीं बल्कि प्रताड़ना के कारण हुई मौत या संभावित हत्या मान रहा है।
- Advertisement -
शिकायत में यह भी कहा गया है कि लगातार शिकायतों के बावजूद पहले कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया। अदालत के आदेश पर अब पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
