श्रीगंगानगर। शहर में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची से होटल में गैंगरेप के मामले को लेकर शुक्रवार को भारतीय ट्रेड यूनियन (सीटू) के बैनर तले लोगों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसपी कार्यालय का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए एसपी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता चरणदास कंबोज ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पॉक्सो मामलों में कई बार होटलों के नाम सामने आए हैं, लेकिन अब तक किसी भी होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन होटलों में आने-जाने वालों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है, जिससे गंभीर अपराधों को बढ़ावा मिल रहा है।
कंबोज ने यह भी कहा कि इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन जिन होटलों में घटना से जुड़े तथ्य सामने आए हैं, उनके प्रबंधकों और कथित रूप से शामिल अन्य लोगों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और सभी संदिग्धों की गिरफ्तारी आवश्यक है।
प्रदर्शनकारियों ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि हाल ही में नशे की ओवरडोज से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जो गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने नशा तस्करों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की।
- Advertisement -
इसके अलावा, प्रदर्शन में शहर के करीब 150 होटलों, कोचिंग सेंटरों, साइबर कैफे और सोशल मीडिया के जरिए कथित अनैतिक गतिविधियों की जांच की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
