बीकानेर। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ज्हल्दीराम एजुकेशन सोसायटी को लगातार पांचवीं बार राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह 29 जून को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सम्मान प्रदान करेंगे।
इस वर्ष सोसायटी को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रानी बाजार (गुरुद्वारा) में तीन करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराने के लिए सम्मानित किया जा रहा है। सोसायटी के अध्यक्ष मनोहर लाल अग्रवाल भामाशाह सम्मान प्राप्त करेंगे, जबकि प्रेरक रमेश कुमार अग्रवाल भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि ज्हल्दीराम एजुकेशन सोसायटी ने बीकानेर की पांच राजकीय विद्यालयों को गोद लेकर उनमें स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक फर्नीचर, खेल मैदान, शैक्षणिक संसाधन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। सोसायटी का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित करना है।
