बीकानेर। भीषण गर्मी के बीच मरीजों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पीबीएम अस्पताल में सामाजिक सहयोग का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। मारवाड़ जन सेवा समिति की प्रेरणा से गुरुवार को तीन भामाशाहों ने अस्पताल के लिए कुल 15 पंखे भेंट किए, जिन्हें मरीजों की सुविधा के लिए निःशुल्क उपयोग में लिया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष रमेश व्यास ने बताया कि करमीसर निवासी पप्पू महाराज किराडू, धामू महाराज तथा बासी बारहसिंहसर के गणेशाराम सियाग ने पांच-पांच पंखों का सहयोग देकर जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समिति लगातार अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सामाजिक सहयोग जुटा रही है।
इस अवसर पर पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर के सीएमओ डॉ. एल. के. कपिल ने भामाशाहों और समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में अतिरिक्त पंखों की उपलब्धता मरीजों और उनके परिजनों के लिए काफी राहतदायक साबित होगी। उन्होंने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय प्रयास बताया।
कार्यक्रम के दौरान विनोद डारा, जेठाराम सियाग, शैलेंद्र सिंह ढींगसरी, विक्रम सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष रमेश व्यास ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध करवाए गए सभी पंखे मरीजों की सुविधा के लिए निःशुल्क लगाए जाएंगे, जिससे उपचार के दौरान उन्हें बेहतर वातावरण मिल सके।
