बीकानेर। जिले के मेधावी और आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बड़ी पहल करते हुए भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट ने ‘सुपर-50’ कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर मार्गदर्शन, संसाधन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी पर लगभग तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह घोषणा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि जिले में अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। इसी कमी को दूर करने के लिए ट्रस्ट की ओर से सुपर-50 कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का चयन एक विशेषज्ञ समिति करेगी। चयनित विद्यार्थियों को नीट, यूपीएससी सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शैक्षणिक सहायता, मेंटरशिप और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इस परियोजना पर शुरुआती चरण में करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यदि योग्य विद्यार्थियों की संख्या अधिक हुई तो योजना का विस्तार भी किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी घोषणा की कि दीपावली के आसपास एक विशाल करियर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में दो हजार से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि निजी क्षेत्र और अन्य उभरते करियर विकल्पों को भी अपनाना चाहिए।
- Advertisement -
खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी ऐसी पहल युवा पीढ़ी के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करेगी। वहीं राजस्थान विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने विद्यार्थियों से असफलता से घबराने के बजाय उसे सीख मानकर आगे बढ़ने और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक रवि शेखर मेघवाल ने बताया कि सही समय पर सही मार्गदर्शन नहीं मिलने से कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप सफलता हासिल नहीं कर पाते। इसी सोच के साथ ट्रस्ट ने पिछले वर्ष करियर काउंसलिंग अभियान की शुरुआत की थी, जिसे मिले सकारात्मक परिणामों के बाद अब नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को प्रमाण-पत्र, डिक्शनरी तथा प्रोत्साहन राशि के रूप में 500 रुपये प्रदान किए गए। उन्होंने विद्यार्थियों से इस राशि का उपयोग उपयोगी पुस्तकों की खरीद में करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम के अधिष्ठाता दाताश्री रामेश्वरानंद महाराज ने अभिभावकों से बच्चों की रुचि और क्षमता को समझते हुए उन पर अपने विचार थोपने से बचने की अपील की। वहीं विशेषज्ञों ने एनडीए, यूपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ करियर योजना, समय प्रबंधन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर लक्ष्य पर फोकस करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
समारोह के अंत में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के बाद उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके करियर संबंधी प्रश्नों के उत्तर दिए। इस दौरान करियर काउंसलिंग वैन के माध्यम से भी विद्यार्थियों को विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
