बीकानेर। राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए तबादलों एवं पदस्थापनाओं पर लगी रोक को अस्थायी रूप से हटा दिया है। सरकार के आदेश के अनुसार ट्रांसफर-पोस्टिंग पर लगा प्रतिबंध 5 जुलाई तक प्रभावी रूप से हटाया गया है।
लंबे समय से कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तबादला प्रक्रिया शुरू होने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। सरकार के इस फैसले के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है और विभागों में तबादलों की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
हालांकि, ग्रेड थर्ड शिक्षकों और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए तबादलों पर लगी रोक फिलहाल जारी रहेगी। ये कर्मचारी इस छूट के दायरे में शामिल नहीं होंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि तबादलों में एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें कैंसर, हृदय रोग, मस्तिष्क संबंधी बीमारी, फेफड़ों और किडनी की गंभीर बीमारियों से ग्रसित कर्मचारी शामिल हैं।
- Advertisement -
यह आदेश केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निगमों, बोर्डों और स्वायत्तशासी संस्थाओं के कर्मचारियों पर भी लागू होगा। सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को अपनी पसंदीदा या आवश्यक स्थानों पर पदस्थापन का अवसर मिल सकेगा।
