बीकानेर। पत्रकारों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए बीकानेर प्रेस क्लब की ओर से शुक्रवार को राजकीय सैटेलाइट अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस शिविर में 60 से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने बताया कि पत्रकार अपने व्यस्त कार्य और अनियमित दिनचर्या के कारण अक्सर स्वास्थ्य संबंधी जांचों को नजरअंदाज कर देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पत्रकारों तथा उनके परिवारजनों के लिए यह विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में ईसीजी, हीमोग्लोबिन, सीबीसी, ईएसआर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, क्रीएटिनिन, बिलीरुबिन, प्रोटीन, एल्ब्यूमिन, कैल्शियम, यूरिक एसिड और ब्लड ग्रुप सहित कई महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की गईं। जांच के बाद चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा, पीएमओ डॉ. सुनील हर्ष, संजय खत्री, डॉ. प्रतीक तथा नर्सिंग स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे और शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
- Advertisement -
प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष गिरिराज भादाणी ने बताया कि पत्रकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
बीकानेर प्रेस क्लब की यह पहल पत्रकार समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर स्वास्थ्य परीक्षण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है।
