बीकानेर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर वेलनेस सेंटर द्वारा शहरवासियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता पहल की गई है। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विभाग की डॉ. वत्सला गुप्ता के मार्गदर्शन में योग दिवस की सार्थकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से 15 दिवसीय निशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है।
बीकानेर वेलनेस सेंटर के निदेशक अनिल जुनेजा ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के साथ मनाया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी आयु वर्ग के लोगों को योग से जोड़ने और उन्हें तनावमुक्त, सक्रिय एवं स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
21 जून से शुरू होने वाली योग कक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक तथा सायं 5:30 बजे से 7:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। इच्छुक नागरिक सामान्य स्वास्थ्य संवर्धन या उपचारात्मक योग के लिए इन कक्षाओं में भाग ले सकते हैं। सीमित सीटों के कारण प्रवेश “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा।
योग प्रशिक्षक अमनसिंह राजपुरोहित, आकांक्षा माथुर और अजय धवल ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है, तनाव कम होता है, मानसिक शांति मिलती है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है। योग व्यक्ति को प्रकृति के करीब लाकर संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
- Advertisement -
वेलनेस सेंटर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जुड़ने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।
