बीकानेर। व्यावसायिक साझेदारी में कथित वित्तीय अनियमितताओं का एक बड़ा मामला सामने आया है। गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी ने अपने पूर्व साझेदारों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
कांता खतुरिया कॉलोनी निवासी नकुल गुप्ता ने महेश कुमार, विनायक, मोहित, मुकेश और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार आरोपित सभी व्यक्ति उनकी फर्म में पार्टनर थे और वर्ष 2016 से अब तक के दौरान कथित रूप से वित्तीय गड़बड़ियां की गईं।
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने फर्म के खातों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेईमानीपूर्वक करीब 7 करोड़ 46 लाख रुपये अपने पक्ष में प्राप्त कर लिए। साथ ही फर्म को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हुए स्वयं को अनुचित लाभ पहुंचाया।
मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत की गई थी। वहां से प्राप्त परिवाद के आधार पर गंगाशहर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -
पुलिस अब फर्म के वित्तीय रिकॉर्ड, दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर आरोपों की सत्यता का पता लगाने में जुटी है।
