बीकानेर। तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में कथित तौर पर नकली घी सप्लाई किए जाने से जुड़े मामले की जांच अब बीकानेर तक पहुंच गई है। बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने शहर के एक घी कारोबारी के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई कर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की।
सूत्रों के अनुसार कोयला गली स्थित घी व्यापारी मोहनलाल आशीष अग्रवाल के गोदाम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निजी आवास पर ईडी ने छापेमारी की। अधिकारियों ने वित्तीय रिकॉर्ड, कंप्यूटर डेटा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगालते हुए जांच को आगे बढ़ाया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई तिरुपति मंदिर के प्रसाद में इस्तेमाल किए गए घी की सप्लाई से जुड़े बहुचर्चित मामले के तहत की जा रही है। इससे पहले इस प्रकरण में विशेष जांच दल (एसआईटी) और आयकर विभाग भी संबंधित कारोबारी से जुड़े मामलों की जांच कर चुके हैं।
ईडी की जांच का फोकस कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं के पहलुओं पर है। कार्रवाई के दौरान सभी संबंधित परिसरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और आवागमन पर निगरानी रखी गई।
- Advertisement -
फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में किसी संभावित नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य तथ्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आ सकेगी।
