बीकानेर। बज्जू थाने में तैनात रहे एक तत्कालीन एएसआई के खिलाफ चोरी के मामले की जांच के दौरान रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने के आरोपों को सही पाए जाने के बाद कार्रवाई शुरू की है।
जानकारी के अनुसार कोलायत निवासी छगनलाल सोनी की भलूरी गांव में ज्वैलरी की दुकान है। दुकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने पर उन्होंने जनवरी 2026 में बज्जू थाने में मामला दर्ज कराया था। जांच की जिम्मेदारी तत्कालीन एएसआई धर्मवीर यादव को सौंपी गई थी।
परिवादी का आरोप है कि चोरी करने वालों की लोकेशन और सुराग जुटाने के नाम पर एएसआई ने 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने पर एसीबी ने सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। जांच के दौरान आरोपी एएसआई द्वारा 1500 रुपए लेने की भी पुष्टि हुई।
एसीबी ने ट्रैप की तैयारी की थी, लेकिन इसी बीच आरोपी को मामले की भनक लग गई और उसका तबादला बज्जू थाने से पुलिस लाइन कर दिया गया, जिससे ट्रैप कार्रवाई नहीं हो सकी।
- Advertisement -
बाद में एसीबी ने पूरी रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेजी। जांच में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने, आंशिक राशि लेने और शेष रकम के लिए दबाव बनाने संबंधी बातचीत सत्यापित होने पर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसीबी के अधिकारी जयकुमार को सौंपी गई है।
