बीकानेर। शारीरिक शिक्षा अध्यापक (पीटीआई) सीधी भर्ती-2022 से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है। विभाग ने दस्तावेज सत्यापन पूरा कर चुके पात्र अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण और स्थायीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का फैसला किया है, जबकि विवादित मामलों की जांच जारी रहेगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के आदेश के अनुसार जिन अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर अभी भी संदेह या विवाद की स्थिति बनी हुई है, उनके सभी दस्तावेज, जांच रिपोर्ट और संबंधित साक्ष्य राज्य स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। समिति द्वारा परीक्षण के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
विभाग ने लंबित जांच वाले सभी प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को 20 जून 2026 तक जांच पूरी कर रिपोर्ट निदेशालय को भेजने को कहा गया है। वहीं जिन विश्वविद्यालयों से अभ्यर्थियों के सत्यापन संबंधी आवश्यक जानकारी अब तक प्राप्त नहीं हुई है, उनकी स्थिति रिपोर्ट 15 जून तक भेजनी होगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज और योग्यता प्रमाणित हो चुके हैं तथा जिनके खिलाफ कोई विभागीय या कानूनी मामला लंबित नहीं है, उनके वेतन नियमितीकरण और स्थायीकरण की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
- Advertisement -
इस फैसले से बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि विवादित मामलों पर अंतिम फैसला राज्य स्तरीय समिति की बैठक के बाद होगा।
