जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्मी से जनजीवन प्रभावित है, वहीं मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के लिए मेघगर्जन, तेज हवा और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बीते 24 घंटों में श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उत्तरप्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, फलोदी, कोटा और बाड़मेर समेत कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। 29 से 31 मई के बीच जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। विभाग ने बताया कि बारिश और आंधी के असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। कोटा सबसे गर्म रात वाला शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर, फलोदी और चित्तौड़गढ़ में भी रात का तापमान 32 डिग्री से ऊपर रहा।
- Advertisement -
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि जून के पहले सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं मानसून के 20 जून तक राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना जताई गई है।
इधर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक को लेकर अलर्ट जारी करते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, दवाइयों, ओआरएस और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
