बीकानेर। कोटगेट थाना पुलिस ने छिनाछपटी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति से पर्स और नकदी छीनने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक परिवादी हजारीलाल ने 14 मई 2026 को मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में बताया गया कि 9 मई की सुबह करीब 4:30 बजे वह रेलवे स्टेशन से जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तुलसी सर्किल के पास सिटी स्कूल के सामने स्कूटी पर सवार तीन युवक आए और उसे रोककर जबरन उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में पहचान पत्रों के साथ लगभग पांच हजार रुपए नकद रखे हुए थे।
मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण को सौंपी गई। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया।
थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह और टीम ने तकनीकी सहायता एवं स्थानीय जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुलतान अहमद पुत्र मोहम्मद सफी निवासी फलौदी हाल रानीसर बास, थाना सदर बीकानेर के रूप में हुई है।
- Advertisement -
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य युवकों की तलाश जारी है।
