बीकानेर। शिक्षा विभाग ने नियमों के विपरीत संचालित हो रहे 62 निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने जिलेभर के स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जांच में सामने आया कि कई स्कूल बिना आवश्यक मान्यता के उच्च कक्षाएं संचालित कर रहे थे, वहीं डमी एडमिशन और स्कूल समय में कोचिंग क्लास चलाने जैसे मामले भी उजागर हुए हैं।
कार्रवाई के दायरे में बीकानेर ब्लॉक, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, खाजूवाला, कोलायत, बज्जू, पूगल, पांचू और हदां क्षेत्र की स्कूलें शामिल हैं। इनमें 40 से अधिक प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों के साथ 20 से ज्यादा सेकेंडरी स्तर की संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं।
शिक्षा विभाग की जांच में पता चला कि कई स्कूलों के पास केवल अपर प्राइमरी स्तर की मान्यता थी, लेकिन वे माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाएं चला रहे थे। कुछ संस्थाएं बिना बोर्ड और निदेशालय की स्वीकृति के 11वीं और 12वीं तक की पढ़ाई करवा रही थीं।
विभागीय अधिकारियों ने 15 अप्रैल तक निरीक्षण अभियान चलाकर स्कूलों की रिपोर्ट तैयार की थी। इसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कार्यालय ने संबंधित संस्थाओं को नोटिस भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मान्यता रद्द करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।
- Advertisement -
जांच के दौरान शहर के कई कोचिंग संस्थानों में भी स्कूल समय में नियमित कक्षाएं संचालित होने की शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा कुछ स्कूल केवल डमी एडमिशन कर छात्रों का नामांकन दिखाकर बोर्ड परीक्षाओं के लिए उपयोग कर रहे थे, जबकि छात्र नियमित पढ़ाई कोचिंग संस्थानों में कर रहे थे।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
