बीकानेर। शहर के जैन स्कूल के सामने स्थित मोहता सराय लिंक रोड पर लंबे समय से जमा मलबे और कचरे को हटाने के लिए प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। सड़क पर फैली गंदगी और भारी मलबे के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार इस महत्वपूर्ण मार्ग पर कचरा और मलबा इतनी मात्रा में जमा हो गया था कि वाहन चालकों और आमजन के लिए रास्ता बाधित होने लगा था। समस्या को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने और मीडिया में मुद्दा उठने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।
मौके पर सात से आठ जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क की सफाई और मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क साफ होने से आवाजाही आसान होगी। खासतौर पर जैन स्कूल के विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी सुविधा मिलेगी, क्योंकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से स्कूल आते-जाते हैं।
- Advertisement -
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।
