बीकानेर। गंगाशहर स्थित टी.एम. ऑडिटोरियम में बुधवार रात जैन यूथ क्लब की महिला विंग के शपथ ग्रहण समारोह के साथ सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा की अखिल भारतीय टॉपर सुश्री तान्या सावनसुखा का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, स्वयंसेवी और जैन समाज की करीब 50 संस्थाओं ने तान्या को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट जयपुर भानुप्रिया जैन ने महिला विंग की नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। समारोह में समाजसेविका सुधा रामपुरिया और पीबीएम अस्पताल की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजू कोचर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि भानुप्रिया जैन ने कहा कि सफलता मेहनत, ईमानदारी और परिवार के सहयोग से ही हासिल होती है। उन्होंने तान्या की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए युवाओं को शिक्षा और संस्कारों से जुड़ने का संदेश दिया।
तान्या के पिता तरुण सावनसुखा ने बताया कि उनकी बेटी ने बिना ट्यूशन और मोबाइल के कठिन मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने की अपील की।
- Advertisement -
कार्यक्रम में जैन यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी तथा महिला विंग के गठन को समाज में नई ऊर्जा और सामाजिक एकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, जैन समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
