राजस्थान में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने समान पात्रता परीक्षा (CET)-2026 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार परीक्षा के नियमों और पैटर्न में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे। सबसे बड़ा बदलाव नेगेटिव मार्किंग को लेकर किया गया है, जिसे पहली बार लागू करने की तैयारी की जा रही है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि इस बार सीईटी परीक्षा का स्तर पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रखा जाएगा। बोर्ड का उद्देश्य सीमित और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करना है, इसलिए परीक्षा प्रणाली में बदलाव किए जा रहे हैं।
अब होगी नेगेटिव मार्किंग
सीईटी-2026 में गलत उत्तर देने पर अंक काटे जाएंगे। बोर्ड के अनुसार नेगेटिव मार्किंग लागू होने से परीक्षा का स्तर बेहतर होगा और गंभीर तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को फायदा मिलेगा। इससे अनावश्यक अनुमान लगाने वाले उम्मीदवारों की संख्या भी कम होगी।
कब होंगी परीक्षाएं
राजस्थान सीईटी स्नातक स्तर की परीक्षा नवंबर 2026 में आयोजित की जाएगी, जबकि सीनियर सेकंडरी स्तर की परीक्षा दिसंबर 2026 में होने की संभावना है।
- Advertisement -
बोर्ड के अनुसार स्नातक स्तर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जून 2026 से शुरू होगी और करीब एक महीने तक आवेदन लिए जाएंगे। वहीं सीनियर सेकंडरी स्तर के आवेदन जुलाई 2026 में शुरू किए जा सकते हैं।
इन भर्तियों का खुलेगा रास्ता
सीईटी परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राज्य की लगभग 19 से 23 बड़ी भर्तियों का रास्ता खुलेगा। इनमें पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी (VDO), कनिष्ठ लेखाकार, एलडीसी, प्लाटून कमांडर, छात्रावास अधीक्षक और पुलिस कांस्टेबल जैसी प्रमुख भर्तियां शामिल हैं।
तीन साल तक मान्य रहेगा सर्टिफिकेट
इस बार सीईटी सर्टिफिकेट की वैधता भी बढ़ा दी गई है। पहले इसकी वैधता केवल एक वर्ष थी, जिसे अब बढ़ाकर तीन वर्ष कर दिया गया है। इस फैसले से 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
न्यूनतम अंक की शर्त बरकरार
परीक्षा में पात्रता हासिल करने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को पांच प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।
CET-2024 की वैधता समाप्त
बोर्ड के अनुसार CET-2024 की वैधता फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है। इससे स्नातक स्तर के लगभग 8.78 लाख और सीनियर सेकंडरी स्तर के 9.17 लाख अभ्यर्थियों की पात्रता खत्म हो गई थी। इसके बाद नई परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिसे अब बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है।
राजस्थान में कई बड़ी भर्तियां फिलहाल सीईटी पात्रता के अभाव में अटकी हुई हैं। नई परीक्षा आयोजित होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।
