केंद्र सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। 10 ग्राम सोना करीब 10 हजार रुपए महंगा होकर 1.63 लाख रुपए तक पहुंच गया, जबकि एक किलो चांदी का भाव लगभग 18 हजार रुपए बढ़कर 2.97 लाख रुपए हो गया।
सरकार ने सोने पर 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 प्रतिशत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इस तरह कुल प्रभावी टैक्स 15 प्रतिशत हो गया है। इससे पहले वर्ष 2024 के बजट में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आयात शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत किया था।
सरकार का मानना है कि आयात शुल्क बढ़ाने से विदेशी खरीद पर नियंत्रण लगेगा और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव कम होगा। अमेरिकी-ईरान तनाव के बीच लिए गए इस फैसले को आर्थिक संतुलन बनाए रखने की रणनीति माना जा रहा है।
हालांकि, सर्राफा और बुलियन कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि आयात शुल्क बढ़ने से सोने की तस्करी में बढ़ोतरी हो सकती है। उद्योग जगत का कहना है कि जब पहले ड्यूटी कम की गई थी, तब अवैध तस्करी में कमी देखने को मिली थी।
- Advertisement -
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा कि सरकार ने चालू खाता घाटा नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। उनका मानना है कि पहले से ऊंची कीमतों के बीच ड्यूटी बढ़ने से बाजार में मांग पर असर पड़ सकता है।
