राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शुक्रवार को भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और अलवर समेत 6 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में बादल छाए रहे, तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। अलवर, टोंक, कोटपूतली-बहरोड़, दौसा और सवाई माधोपुर में मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
वहीं पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। गुरुवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर में 44.2, फलोदी में 43.6 और बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। हालांकि तापमान बढ़ने के बावजूद कई इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति नहीं रही।
