गर्मी की छुट्टियों में बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए North Western Railway ने यात्रियों की सुविधा के लिए सुल्तानपुर-साबरमती-सुल्तानपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेलसेवा 17 मई से 13 जुलाई 2026 तक संचालित की जाएगी। ट्रेन का ठहराव बांदीकुई सहित राजस्थान के 12 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर होगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04216, सुल्तानपुर-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 17 मई से 12 जुलाई तक कुल 9 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार सुबह 4 बजे सुल्तानपुर से रवाना होकर शाम 7:40 बजे जयपुर पहुंचेगी और 7:50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7:20 बजे साबरमती पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04215, साबरमती-सुल्तानपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 18 मई से 13 जुलाई तक कुल 9 ट्रिप चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार सुबह 8:50 बजे साबरमती से रवाना होकर रात 11:30 बजे जयपुर पहुंचेगी और 11:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन शुरू की गई है, ताकि सफर को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाया जा सके।
