जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में राजस्थान सरकार ने युवाओं के लिए एक बड़ा तोहफा देने की घोषणा की है। दिसंबर माह में राज्यभर में ‘रोजगार उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 20 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि लंबित भर्तियों की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
राजस्थान की ताकत है युवा शक्ति
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी पूंजी उसका युवा वर्ग है। सरकार का लक्ष्य है कि हर योग्य युवा को सम्मानजनक रोजगार मिले ताकि उसकी ऊर्जा राज्य के विकास में लगाई जा सके। दिसंबर में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में विभिन्न विभागों की चयन प्रक्रियाएं पूरी कर पात्र युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
किन विभागों में होंगी नियुक्तियां
रोजगार उत्सव के दौरान राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण विभागों में भर्ती प्रक्रिया पूरी करेगी।
-
जेल विभाग: 900 जेल प्रहरी
- Advertisement -
-
पशुपालन विभाग: 2,500 पशुधन सहायक
-
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग: लगभग 14,000 पद
-
ग्रामीण विकास विभाग: करीब 2,600 पद
-
खान विभाग: 100 से अधिक पद
सरकार के वर्तमान कार्यकाल में अब तक करीब 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। दिसंबर में 20 हजार नई नियुक्तियों के बाद यह आंकड़ा 1 लाख 12 हजार तक पहुंच जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया होगी पारदर्शी और समयबद्ध
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया के हर चरण — विज्ञापन जारी करने, परीक्षा आयोजित करने, परिणाम जारी करने और दस्तावेज सत्यापन — को पूर्ण पारदर्शिता और तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कार्मिक और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।
‘रोजगार उत्सव’ बनेगा नई रोजगार नीति का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। ‘रोजगार उत्सव’ न केवल हजारों परिवारों के जीवन में नई रोशनी लाएगा, बल्कि यह प्रदेश की नई रोजगार नीति का प्रतीक भी बनेगा। इस आयोजन के माध्यम से सरकार, उद्योग जगत और समाज मिलकर राजस्थान के युवाओं के भविष्य की मजबूत नींव रखेंगे।
