राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया के बीकानेर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के शहर और देहात इकाइयों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पहली बार बीकानेर पहुंचे डॉ. पूनिया का एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं, युवा समर्थकों और पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एयरपोर्ट स्वागत के बाद भाजपा शहर एवं देहात जिला के संयुक्त तत्वावधान में रानी बाजार स्थित जिला उद्योग केंद्र में छात्र शक्ति सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता का उपयोग देश और समाज के विकास के लिए करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेने की सलाह देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
- Advertisement -
भाजपा प्रदेश मंत्री आयदान सिंह भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को राष्ट्र विकास और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशहित के लिए कार्य करने वाली सकारात्मक विचारधारा से जुड़कर युवा अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकते हैं।
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राष्ट्र नीति, सामाजिक मूल्यों और संस्कारों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
देहात जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि जब भी देश और समाज के हित में युवाओं की आवश्यकता होगी, तब उन्हें अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री श्याम सिंह हाड़ला ने किया। सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि कार्यक्रम में छात्र सम्मेलन के संयोजक गजेंद्र सिंह भाटी, प्रदीप सारस्वत सहित अनेक छात्र नेताओं, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में युवाओं की सक्रिय उपस्थिति और सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाया।
