बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों ने एक बार फिर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक तीन प्रसूताओं और एक नवजात की मौत हो चुकी है, जिससे मरीजों के परिजनों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को जनाना अस्पताल में लाली नामक महिला की सिजेरियन डिलीवरी कराई गई थी। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया। उपचार के दौरान उसे कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद चिकित्सकों ने सीपीआर सहित सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन रविवार को उसकी मृत्यु हो गई।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पीबीएम अस्पताल लगातार विभिन्न कारणों से चर्चा में है। उपचार में कथित लापरवाही, अव्यवस्थाओं की शिकायतें और अब लगातार हो रही प्रसूताओं व नवजात की मौत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी दो प्रसूताओं की मौत के बाद मामला काफी चर्चा में रहा था। इन घटनाओं को लेकर इलाज की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे। वहीं, अस्पताल की अव्यवस्थाओं, चिकित्सा सुविधाओं में सुधार और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने करीब 20 दिनों तक धरना भी दिया था।
