बीकानेर। नोखा कस्बे के लखारा चौक स्थित एक निजी बस स्टैंड पर यात्री का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। एक संदिग्ध युवक बस में रखा सामान उठाकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रूट पर संचालित एक निजी बस में एक यात्री ने करीब दो हजार रुपये कीमत का घरेलू सामान रखा था। इसी दौरान एक युवक ने मौका देखकर सामान उठाया और वहां से निकल गया। घटना का पता चलने पर बस संचालकों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध युवक सामान ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
निजी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष बनवारी बिश्नोई ने बताया कि ग्रामीण रूट की बसों में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे यात्रियों और बस संचालकों दोनों में चिंता बनी हुई है।
मामले की सूचना मिलने के बाद नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने जांच शुरू करवाई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
