बीकानेर। शहर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। अणचा बाई अस्पताल के सामने स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे।
रथयात्रा से पहले भगवान श्री जगन्नाथ की महाआरती की गई। इसके बाद संतों के सान्निध्य में रथ को रवाना किया गया। यात्रा कोटगेट और केईएम रोड होते हुए रतन बिहारी पार्क स्थित रसिक शिरोमणि मंदिर पहुंची, जहां भगवान की आरती के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। परंपरा के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ अगले नौ दिनों तक यहीं विराजमान रहेंगे।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया। भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और पारंपरिक वाद्ययंत्रों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण और सेवा कार्य भी किए गए। समारोह में शहर के अनेक संत, सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
