बीकानेर। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने के लिए बनाई गई एक रील ने जमानत पर छूटे बदमाश को फिर से जेल पहुंचा दिया। वायरल वीडियो में आरोपी अपने साथियों के साथ कार पर चढ़कर शक्ति प्रदर्शन और हुड़दंग करता नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार प्रिंस नायक हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। रिहाई के बाद उसने साथियों के साथ कार पर स्टंट और हंगामा करते हुए वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। वीडियो वायरल होने पर मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया और जांच के निर्देश दिए गए।
मुक्ता प्रसाद नगर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद मुख्य आरोपी प्रिंस नायक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अपराध या दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हथियारों का प्रदर्शन, धमकी भरे वीडियो या कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
