बीकानेर। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र स्थित ब्रह्म सागर बगेची के गणेश मंदिर में दिनदहाड़े एक अज्ञात युवक चांदी का मुकुट और दानपात्र की नकदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
वायरल फुटेज में आरोपी जूते पहनकर मंदिर में प्रवेश करता दिखाई देता है। इसके बाद वह भगवान गणेश का चांदी का मुकुट और नकदी अपनी जेब में रखकर मौके से फरार हो जाता है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से आमजन में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। वहीं क्षेत्रवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
