बीकानेर। जिले के कोलायत क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रणजीतपुरा गांव के निकट एक खंडहरनुमा स्थान की झाड़ियों में जन्म के कुछ ही घंटे का नवजात लावारिस हालत में मिला। मासूम के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और समय रहते उसकी जान बचा ली।
ग्रामीणों ने नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रणजीतपुरा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उप स्वास्थ्य केंद्र की नर्स ने नवजात को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल नवजात की हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि नवजात को झाड़ियों में किसने छोड़ा और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। आसपास के क्षेत्र से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
