बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के मामले में दवाओं और इंजेक्शनों की जांच में अब तक राहतभरी तस्वीर सामने आई है। जांच के लिए भेजे गए 32 सैंपलों में से 23 सैंपल गुणवत्ता परीक्षण में पूरी तरह सही पाए गए हैं, जबकि शेष 9 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर देवेंद्र केदावत ने बताया कि जयपुर स्थित ड्रग टेस्टिंग लेबोरेटरी (DTL) से बुधवार को प्राप्त 11 सैंपलों की रिपोर्ट में भी किसी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी कमी नहीं मिली। इससे पहले भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट भी संतोषजनक रही थी।
उन्होंने बताया कि जिस ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन को लेकर सबसे अधिक आशंका जताई जा रही थी, उसकी जांच रिपोर्ट भी पूरी तरह सही आई है। फिलहाल बाकी बचे 9 सैंपलों की जांच जयपुर और कोलकाता स्थित सेंट्रल ड्रग लेबोरेटरी में चल रही है।
अधिकारियों के अनुसार, सभी रिपोर्ट मिलने और जांच एजेंसियों की अंतिम समीक्षा के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पूरे मामले में दवाओं की कोई भूमिका रही या नहीं।
