नापासर। नापासर थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमानाराम पुत्र पेमाराम नायक (24), निवासी गुसाईसर, थाना नापासर के रूप में हुई है। आरोपी पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में काफी समय से फरार था, जिसके चलते जिला पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।
नव नियुक्त थानाधिकारी कविता पुनिया ने पदभार संभालने के बाद अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
थानाधिकारी कविता पुनिया ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
