बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए पिछले एक महीने में 100 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। यह कार्रवाई सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से की गई।
महानिरीक्षक पुलिस ओम प्रकाश (आईपीएस) के निर्देशन में रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल ने बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित विभिन्न क्षेत्रों में गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए। पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान 3 दिन से लेकर 4 वर्ष पहले तक गुम हुए मोबाइल भी सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 25.30 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इस दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए तो वे बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को तुरंत ब्लॉक करने के साथ-साथ उसे ट्रेस कर वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
- Advertisement -
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, सहायक पुलिस अधीक्षक अनुराधा कालिया (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युववेंद्रपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रह्लाद राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
