बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक निजी बस को बीच रास्ते रुकवाकर चालक और परिचालक के साथ मारपीट, जानलेवा हमला और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव गोडू निवासी भागीरथ विश्नोई (50) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जुलाई की सुबह करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच वीर दुर्गादास सर्किल के पास कुछ लोगों ने उनकी निजी बस को जबरन रुकवा लिया। इसके बाद हथियारों से लैस आरोपी बस में घुस गए और चालक तथा परिचालक अनोपाराम विश्नोई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप है कि परिचालक पर चाकू और डंडों से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों को बस से नीचे उतार दिया गया और बस के शीशे भी तोड़ दिए गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर परिचालक का मोबाइल फोन और बस की बुकिंग के 15,350 रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए।
- Advertisement -
रिपोर्ट में कर्णवीर सिंह, दिनेश विश्नोई, कुलदीप छंगाणी, अशोक सिंह सहित 8 से 10 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
