बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सोनगिरी कुएं के पास स्थित एक दुकान की है, जहां देर रात ताला तोड़कर बदमाश नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नत्थूसर बास निवासी रोहित कच्छावा (33) ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी दुकान 11 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे बंद की गई थी। अगले दिन 12 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य ताला टूटा हुआ मिला।
दुकान के अंदर जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान गायब मिला। सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में अरबाज निवासी बीकानेर सहित एक अन्य अज्ञात व्यक्ति पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
- Advertisement -
फिलहाल मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक हंसराज कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
