बीकानेर। महाजन थाना क्षेत्र के सुई गांव में खेत स्थित ट्यूबवेल पर काम करते समय करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बिजली की लाइन बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार सुई गांव निवासी रूपाराम पुत्र जगदीश प्रसाद अपने परिवार के साथ महाजन-सरदारशहर लिंक रोड स्थित खेत में रहता था। सोमवार देर रात वह ट्यूबवेल पर बिजली की लाइन बदलने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उसका छोटा भाई लक्ष्मण राम मौके पर पहुंचा और उसे तत्काल महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर महाजन थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। मृतक के भाई लक्ष्मण राम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
