बीकानेर पुलिस ने करीब एक वर्ष पुराने बड़े चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां दो को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया, जबकि एक आरोपी को माल बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2025 को परिवादी अर्जुनराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अगस्त 2025 की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए और खिड़कियों की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोर घर से 25 तोला सोना और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने छतरगढ़ निवासी सोनू कुमार, पंजाब निवासी लालसिंह उर्फ लाली और रामकिशन को गिरफ्तार किया।
- Advertisement -
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने सोनू कुमार और रामकिशन को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय कारागृह भेज दिया, जबकि लालसिंह उर्फ लाली को चोरी का माल बरामद करने के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
कई राज्यों में वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशेवर चोर हैं और राजस्थान के पूगल, छतरगढ़, कोलायत, बाप, रणजीतपुरा, सीकर सहित हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ मामलों में आरोपी अभी भी वांछित हैं।
वारदात से पहले करते थे रेकी
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी से पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी करते थे। वे ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे जहां सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती थी। वारदात के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करते थे और वाहन को घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ा रखते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत फरार हो सकें। आरोपी ऐसे रास्तों का चयन करते थे जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हों।
पहले भी कई बड़ी चोरियों में रहे शामिल
प्रारंभिक जांच में आरोपियों की संलिप्तता बाप, रणजीतपुरा, गोकुलपुरा, पूगल, छतरगढ़ और कोलायत में सोना, चांदी और नकदी चोरी की घटनाओं में सामने आई है। इसके अलावा हरियाणा के सिरसा में गेहूं चोरी के मामले में भी इनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी महेश कुमार के नेतृत्व में बाबूलाल, सुनील कुमार, रामकिशोर, सुरेश विश्नोई और हनुमानराम की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
