चूरू साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर युवती की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीडियो कॉल के दौरान अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लोगों से पैसे ऐंठता था।
पुलिस के मुताबिक, सालासर क्षेत्र के एक व्यक्ति को आरोपी ने अपने जाल में फंसाकर करीब छह लाख रुपये की ठगी की। रकम वसूलने के बाद भी वह लगातार और पैसे की मांग करता रहा। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान डीडवाना जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र निवासी गोपाल उर्फ यतील शर्मा के रूप में हुई है। उसने बीए तक शिक्षा प्राप्त की है और टैली का कोर्स भी किया हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह इस पूरे साइबर अपराध को अकेले ही अंजाम देता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ इससे पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और यह उसका पहला आपराधिक प्रकरण है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना बनाया है या नहीं।
