बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र के चिताणा गांव में फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान के खाते से फसल बीमा की राशि निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों सहित ई-मित्र संचालक और पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खारी पट्टी चिताणा निवासी कुंभाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसके खाते से फसल बीमा की राशि निकाल ली।
पांच लोगों पर लगाए गए आरोप
कुंभाराम जाट की शिकायत में महेंद्र विश्नोई, लालसिंह राजपूत और हिम्मताराम जाट के साथ-साथ ई-मित्र संचालक जावेद अख्तर और पटवारी छितर सिंह मीणा पर मिलीभगत का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने दस्तावेजों में हेरफेर कर फसल बीमा योजना की राशि को अवैध तरीके से निकाल लिया।
- Advertisement -
धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस
पांचू थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच नोखा वृत्ताधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
