बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के बाना गांव में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका के बाद पुलिस ने मृतका के बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ओमप्रकाश स्वामी अपनी मां गीता देवी को गंभीर हालत में श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचा। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव और वृताधिकारी (सीओ) निकेत पारीक पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल तथा एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का सामने आया।
भाई पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में ओमप्रकाश स्वामी ने आरोप लगाया कि वह और उसका भाई रामनिवास एक ही परिसर में बने अलग-अलग मकानों में रहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात रामनिवास ने घर में सो रही अपनी मां गीता देवी के सिर पर लाठी से हमला किया और गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
- Advertisement -
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी रामनिवास मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज भी चल रहा है।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने ओमप्रकाश की शिकायत के आधार पर आरोपी रामनिवास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को डिटेन (हिरासत) में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
