बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के संयुक्त तत्वावधान में 9 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘एकलव्य–स्वयं की खोज’ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और अतिथियों की जानकारी साझा की गई तथा विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष हरीश चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम 9 जुलाई को सुबह 10:30 बजे विश्वविद्यालय के संत मीराबाई सभागार में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। साथ ही यह आयोजन युवाओं को अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
इकाई सचिव निर्विका सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इसमें भाग लेकर अपने व्यक्तित्व और करियर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त करने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक नगेन्द्र प्रताप सिंह भाटी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता एमजीएसयू के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में बीकानेर साइबर पुलिस अधीक्षक शालिनी बजाज उपस्थित रहेंगी।
- Advertisement -
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तंवर, पूर्व विभाग संयोजक दिलीप सिंह तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त कुणाल रहाड़ विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. गणपत सिंह राजपुरोहित होंगे, जो विद्यार्थियों को आत्मविकास, नेतृत्व और जीवन के लक्ष्यों पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के सह संयोजक योगेंद्र सिंह ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर विद्यार्थियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
प्रेस वार्ता के दौरान कैलाश, राधेश्याम, तन्मय, आदित्य सहित विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन समिति ने विद्यार्थियों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
