महाजन। महाजन-शेरपुरा लिंक रोड स्थित एक खेत में करीब दस दिन पहले मिले जिंदा बम को सेना के बम निरोधक दस्ते ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। कार्रवाई के दौरान हुए तेज धमाके की आवाज महाजन सहित आसपास के क्षेत्रों तक सुनाई दी। पूरी प्रक्रिया के दौरान सेना और महाजन थाना पुलिस मौके पर तैनात रही।
महाजन थाना के एएसआई जंगदीश प्रसाद मीणा और कांस्टेबल राजेश भाखर ने बताया कि कस्बे से करीब दो किलोमीटर दूर रामबाग-घेसुरा लिंक रोड पर कालूराम मेघवाल के खेत में यह जिंदा बम मिला था। सुरक्षा कारणों से इसे पहले एक सुरक्षित गड्ढे में रखा गया था। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद सेना की बम निरोधक टीम ने मौके पर पहुंचकर इसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू की।
सुरक्षा के मद्देनजर सेना ने बम के चारों ओर लगभग 800 मीटर क्षेत्र को खाली करवाया। आसपास मौजूद आवारा पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। विस्फोटक के आसपास मिट्टी से भरे कट्टे लगाए गए और लाल झंडियों से क्षेत्र को चिन्हित किया गया। वहीं पुलिस ने लिंक रोड के दोनों ओर यातायात रोककर सुरक्षा घेरा बना दिया।
करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली।
- Advertisement -
गौरतलब है कि महाजन क्षेत्र में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज होने के कारण यहां समय-समय पर सैन्य अभ्यास होता रहता है। इसी वजह से खेतों और आसपास के इलाकों में जिंदा बम या विस्फोटक सामग्री मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
