जसरासर। बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के मैनसर गांव में सोमवार सुबह खेत पर काम के दौरान करंट लगने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह ट्यूबवेल का स्टार्टर चालू कर रहा था।
पुलिस के अनुसार मैनसर निवासी असलम (17) पुत्र नसीरदीन सोमवार सुबह कृषि कार्य के लिए खेत पर गया था। सुबह करीब 10:15 बजे बरसाती मौसम के बीच ट्यूबवेल का स्टार्टर स्विच चालू करते समय वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन उसे गंभीर हालत में जसरासर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय बागड़ी जिला अस्पताल, नोखा की मोर्चरी में भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता नसीरदीन की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जसरासर थाना प्रभारी (सीआई) आलोक सिंह कर रहे हैं।
