बीकानेर। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के 14वें स्थापना दिवस एवं वैश्य मित्र सम्मान समारोह में बीकानेर जिले ने सदस्यता अभियान में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज की। नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के मावलंकर ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर की टीम को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर शिक्षा, उद्योग, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, संस्कृति और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के विभिन्न व्यक्तित्वों को वैश्य मित्र सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज अपनी उद्यमशीलता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से देश के विकास में लगातार योगदान दे रहा है। उन्होंने सदस्यता अभियान में बीकानेर जिले के राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि बीकानेर के लोग जिस लक्ष्य को तय करते हैं, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ हासिल करते हैं।
इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समाज को संगठित करना नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ नई पीढ़ी को सशक्त बनाना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
- Advertisement -
समारोह में बीकानेर जिलाध्यक्ष विनोद बाफना के नेतृत्व की विशेष सराहना की गई। वैश्य मित्र सदस्यता अभियान में सर्वाधिक सदस्य जोड़ने पर बीकानेर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान का सम्मान प्रदान किया गया। वहीं विजय बाफना को व्यक्तिगत स्तर पर सबसे अधिक वैश्य मित्र सदस्य बनाने के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जिलाध्यक्ष विनोद बाफना ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी बीकानेर टीम की सामूहिक मेहनत, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिले ने 5,000 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया है और भविष्य में भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए इसी उत्साह के साथ कार्य जारी रहेगा।
समारोह में बीकानेर से संयुक्त महामंत्री जेठमल नाहटा, महिला विंग की उपाध्यक्ष शर्मिला चोरड़िया, यशु चांडक, लोकेश सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में अंतरराष्ट्रीय महासचिव राजीव मित्तल एवं कोषाध्यक्ष दिनेश चंद गुप्ता ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
